विमान दुर्घटना: यात्रियों की लिस्ट में पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले येवगेनी प्रिगोझिन का भी नाम
विमान हादसे में 10 लोगों के मारे जाने की खबर
वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन की फाइल फोटो (बाएं)
नई दिल्ली: रूस में एक निजी विमान
के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने और उसमें सवार सभी 10 लोगों के मारे जाने की खबर मिली
है। दावा किया जा रहा है कि इस विमान हादसे में वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी
प्रिगोझिन की भी मौत हो गई है। यह विमान रूस की राजधानी मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग
की ओर जा रहा था।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह विमान वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी
प्रिगोझिन का ही था। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है। यात्रियों की लिस्ट
में येवगेनी प्रिगोझिन का नाम शामिल होने के बावजूद अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि
वे विमान में मौजूद थे अथवा नहीं।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' ने आपातकाल अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी
है कि इस विमान में तीन पायलट और सात यात्री सवार थे। यह हादसा मास्को से लगभग 100
किलोमीटर दूर उत्तर में स्थित टावर इलाके में हुआ है। फिलहाल हादसे के कारणों की
जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: युवती बनी पति: उत्तर प्रदेश की दो युवतियों ने किया समलैंगिक विवाह, गुमशुदगी की दर्ज हुई थी रिपोर्ट
बता दें कि येवगेनी प्रिगोझिन रूस की
प्राइवेट आर्मी वैगनर ग्रुप के चीफ हैं। वैगनर आर्मी रूसी सेना के साथ मिलकर
यूक्रेन में युद्ध लड़ रही थी। सैन्य और खुफिया ऑपरेशंस को लेकर यह ग्रुप विवादों
में भी रहा है।
वैगनर आर्मी के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन एक समय रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के
सबसे करीबियों में शामिल थे। लेकिन कुछ महीने पहले येवगेनी प्रिगोझिन ने रूसी सेना
और पुतिन के खिलाफ बगावत कर दी थी।
इसे पुतिन ने गद्दारी और पीठ में छूरा घोंपने वाला कदम बताया था। हालांकि बाद में
येवगेनी प्रिगोझिन ने इस विद्रोह को यूक्रेन में युद्ध की कमान संभाल रहे कमांडरों
का विरोध बताते हुए खुद को देशभक्त के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश की थी।
(अपडेटेड: 24 अगस्त 2023, 08:32 AM IST)
(एजेंसियों के साथ विशेष खबर ब्यूरो)
Search The Web