चंद्रमा पर हुआ क्रैश: रूस को लगा बड़ा झटका, रूसी लूना-25 में हुआ धमाका!
तकनीकी गड़बड़ी के कारण चंद्रमा की सतह से टकरा गया लूना-25
रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस ने की पुष्टि (सांकेतिक तस्वीर)
नई दिल्ली:
चंद्रमा की सतह पर पहले पहुंचने की दौड़ में भारतीय चंद्रयान-3 से होड़ ले रहा रूस
का अंतरिक्ष यान लूना-25 चंद्रमा की सतह से टकराकर क्रैश हो गया है। यह रूस के
चंद्रमा मिशन के लिए एक बहुत बड़ा झटका है। रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस ने
लूना-25 के क्रैश होने की पुष्टि कर दी है।
बता दें कि वर्ष 1976 के बाद रूस के लिए यह पहला अत्यंत महत्वपूर्ण मिशन था, जो
असफल हो गया है। रूसी अंतरिक्ष यान लूना-25 भारत के चंद्रयान-3 से पहले सोमवार यानी
21 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर लैंड करने की तैयारी में था। परंतु यह दुर्घटना का
शिकार हो गया।
रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के अनुसार लूना-25 प्रोपल्शन मैनूवर के समय
चंद्रमा की सतह से टकरा गया था। इस कारण वह सोमवार को लैंडिंग से एक दिन पहले ही
चंद्रमा की सतह पर क्रैश हो गया।
एजेंसी के अनुसार लूना-25 मिशन की आरंभिक जांच से यह पता चला कि मैनूवर के समय
वास्तविक और अनुमानित गणना में कुछ विचलन हो गया था। इस कारण यह अंतरिक्ष यान एक ऐसी
कक्षा में पहुंच गया, जहां उसके जाने की उम्मीद नहीं की गई थी। इसी कारण वह चंद्रमा
की सतह से टकराकर क्रैश हो गया।
दूसरी और उल्कापिंडों पर अध्ययन करने वाले
फ्रांस के अंतरिक्ष विज्ञानी फ्रैंक मार्चिस का कहना है कि रोस्कोस्मोस का सपना
टूटने के पीछे सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी बड़ा कारण है। इसी कारण लूना ग्लोब लैंडर
तहस-नहस हो गया। उनके अनुसार निर्णायक कक्षा समायोजन के दौरान अप्रत्याशित लंबे
इंजन के ओवरफायर ने गड़बड़ी उत्पन्न की। तकनीकी गड़बड़ी के कारण लूना-25 से लगभग 10
घंटे तक कोई संपर्क नहीं हो सका था।
रूसी अंतरिक्ष यान लूना-25 का क्रैश होना रूस के अंतरिक्ष और चंद्रमा मिशन के लिए
एक बहुत बड़ा झटका है। सोवियत संघ के पतन के बाद से रूस ने कोई भी चंद्रमा मिशन
लॉन्च नहीं किया था। इसलिए लूना-25 का मिशन रूस के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा
रहा था।
(अपडेटेड: 20 अगस्त 2023, 03:02 PM IST)
(स्रोत: एजेंसियों के साथ विशेष खबर ब्यूरो)
यह भी पढ़ें: डुमरी में भूचाल: पूर्व विधायक एवं जेपीपी सुप्रीमो सूर्य सिंह बेसरा ने आजसू पर लगाए गंभीर आरोप
यह भी पढ़ें: पुनर्गठन: भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की नई राष्ट्रीय कमिटी का हुआ पुनर्गठन, रखी गई कई मांगें
यह भी पढ़ें: अंधेरा साया: छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की स्थिति पर केजरीवाल के बयान के बाद कांग्रेस का पलटवार
Search The Web