दहाड़: 'हर पार्टी को देखा और परखा, अब अपने लोगों को उम्मीदवार बनाए जनता'
स्वाभिमान पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने किया बड़ा आह्वान
जमशेदपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में गरजे संस्थापक अध्यक्ष
जमशेदपुर: आज के दौर में जनता लगभग
हर पार्टी के उम्मीदवारों को जांच और परख चुकी है। साथ ही जनता यह भी देख चुकी है
कि चुनाव में खड़े होने वाले अलग-अलग राजनीतिक दलों के उम्मीदवार जनता से किए गए
वादों को किस तरह से तोड़ते हैं। अब जनता को अपने ही बीच के अच्छे लोगों को चुनकर
चुनाव में खड़ा करना होगा और स्वाभिमान पार्टी जनता के उम्मीदवारों का पूरा साथ देगी।
जमशेदपुर के गोलमुरी में आयोजित स्वाभिमान पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की
समीक्षात्मक बैठक से पूर्व एक आम सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के संस्थापक
अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय ने उपरोक्त बातें
कहीं। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए जनता को खुद आगे आना
होगा।
वीरेंद्र पांडेय ने कहा कि हर पार्टी के नेता जनता के साथ लगभग एक ही तरह का खेल
खेलते हैं। चुनावों के पहले हर पार्टी के नेता दूसरी पार्टी के नेताओं को बुरा-भला
कहते हैं और उनकी कमियां गिनाते हैं। लेकिन चुनाव जीतने के बाद वे ही लोग जनता को
भूल कर अपनी जेबें भरने में जुट जाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वाभिमान पार्टी का उद्देश्य हर व्यक्ति को स्वाभिमान के साथ जीवन
जीने का अधिकार दिलाना है। हर व्यक्ति को भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण में जीने का
अधिकार है। इसके लिए जनता को आगे आकर स्वाभिमान पार्टी का साथ देना होगा।
वीरेंद्र पांडेय ने आम सभा में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि वे अब खुद अपने बीच
के ईमानदार और स्वच्छ छवि के लोगों को चुनकर चुनाव में खड़ा करने की एक नई परिपाटी
की शुरुआत करें। इस कार्य में स्वाभिमान पार्टी पूरी तरह से जनता के साथ है।
इस अवसर पर अपनी बात रखते हुए स्वाभिमान पार्टी के संस्थापक उपाध्यक्ष एवं वर्तमान
राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष बलदेव राज सूद ने आम जनता से भ्रष्टाचार-मुक्त वातावरण के
लिए स्वाभिमान पार्टी का साथ देने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने पार्टी
के मूल सिद्धांतों का उल्लेख भी किया।
बलदेव राज सूद ने कहा कि इस समय धरती पर मानव-केंद्रित विकास को महत्व दिया जा रहा
है। इस कारण प्रकृति से व्यापक पैमाने पर छेड़छाड़ की गई, जिसका खामियाजा आज हम सभी
भुगत रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वाभिमान पार्टी के सिद्धांतों के अनुरूप ही हम सभी का लक्ष्य
प्रकृति-केंद्रित विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान पार्टी का मूल
सिद्धांत नशा-मुक्त व्यक्ति विष-मुक्त खेती और भ्रष्टाचार-मुक्त राजनीति की अवधारणा
को स्थापित करना है। इस कार्य में आम लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
अपनी बात रखते हुए स्वाभिमान पार्टी के
झारखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विवेक पाठक ने लोगों से कहा कि अभी एक नई शुरुआत करने का
समय है। उन्होंने 'आरंभ है प्रचंड' गीत के साथ लोगों में जोश भरते
हुए कहा कि इस समय हर राजनीतिक दल जनता के बीच निराशा ही उत्पन्न कर रहे हैं। ऐसी
स्थिति में केवल स्वाभिमान पार्टी ही लोगों को स्वाभिमान के साथ जीने का रास्ता दे
सकती है।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति स्वाभिमान के साथ जीवन जीना चाहता है। लेकिन अन्य सभी
दलों के नेता लोगों से बड़े-बड़े वादे करके उनके साथ धोखा करते हैं। हमारी पार्टी
का नाम ही लोगों के बीच स्वाभिमान का भाव उत्पन्न करता है। इसलिए स्वाभिमान से जीने
के लिए स्वाभिमान पार्टी का साथ देना ही होगा।
इस कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता विकास पांडेय और सामाजिक कार्यकर्ता ज्योतिष चंद्र
राय ने अपने साथियों के साथ स्वाभिमान पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। इस दौरान कई
लोगों को पार्टी के महत्वपूर्ण पदों का दायित्व भी सौंपा गया।
अधिवक्ता विकास पांडेय को जमशेदपुर पूर्वी जिला अध्यक्ष तथा ज्योतिष चंद्र राय को
सरायकेला का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अतिरिक्त रांची के सक्रिय कार्यकर्ता
सुनील महतो को रांची जिला अध्यक्ष के पद का दायित्व सौंपा गया। गिरिजा देवी को
कोल्हान प्रमंडल महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वाभिमान पार्टी के झारखंड प्रदेश महामंत्री भरत महाराज ने मंच
संचालन किया। इस अवसर पर पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं राष्ट्रीय स्वाभिमान आंदोलन
के झारखंड प्रांत प्रमुख तथा सामाजिक कार्यकर्ता भरत भूषण मित्तल ने भी अपने विचार
व्यक्त करते हुए स्वाभिमान पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। इस
कार्यक्रम में भारी संख्या में मौजूद स्वाभिमान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक नई
राजनीति आरंभ करने के लिए हुंकार भरी।
(अपडेटेड: 16 जुलाई 2023, 16:40 IST)
(स्रोत: वीएनएन - भारत)
Search The Web