निर्णय: विद्यापति स्मारक समिति के कार्यालय में 25 जुलाई को होगा भोले बाबा का रुद्राभिषेक
पंडित निर्भय कांत झा शास्त्री कराएंगे सभी विधि विधान, जयंत झा बनेंगे यजमान
विद्यापति स्मारक समिति की महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया निर्णय
रांची:
अग्रणी समाजसेवी संस्था विद्यापति स्मारक समिति की ओर से सावन के पावन महीने के
दूसरे सोमवार यानी 25 जुलाई को संस्था के कार्यालय में बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक
आयोजित किया जाएगा। इस रुद्राभिषेक के साथ ही समस्त समाज, प्रदेश, राष्ट्र और
संपूर्ण विश्व में अमन-चैन, शांति और कुशलता की कामना की जाएगी।
विद्यापति स्मारक समिति के संयुक्त सचिव जयंत झा ने बताया कि इस विषय को लेकर समिति
के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के
अध्यक्ष लेखानंद झा ने की। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि सावन की दूसरी सोमवारी के
अवसर पर समिति के कार्यालय में भोले बाबा का रुद्राभिषेक आयोजित किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए समिति के
अध्यक्ष लेखानंद झा ने कहा कि इस समय पूरे देश के साथ ही पूरा विश्व भी कठिन
समस्याओं से जूझ रहा है। हर तरफ त्राहि-त्राहि मची हुई है। इसलिए बाबा भोलेनाथ का
रुद्राभिषेक यज्ञ पूरा करके देश और संसार में अमन-चैन, शांति और कुशलता की कामना की
जाएगी।
जयंत झा ने बताया कि बाबा भोलेनाथ के रुद्राभिषेक के दौरान 11 हजार पार्थिव महादेव
की पूजा-अर्चना की जाएगी। इस मौके पर पंडित निर्भय कांत झा शास्त्री सभी विधि-विधान
पूरे कराएंगे। रुद्राभिषेक के दौरान वे स्वयं (जयंत झा) यजमान की भूमिका में रहेंगे।
इस बैठक में विद्यापति स्मारक समिति के अध्यक्ष लेखानंद झा, महासचिव उदित नारायण
ठाकुर, संयुक्त सचिव जयंत झा, बीके झा, श्याम किशोर चौबे, रमेश भारती, भानु कच्छप,
लालू राम सहित कई लोग शामिल थे।
(अपडेटेड: 15 जुलाई 2022, 19:08 IST)
(स्रोत: वीएनएन - भारत)
Search The Web