महिलाओं की सुरक्षा: 'रामनवमी के जुलूस में करें महिला पुलिस बल की व्यवस्था'
केंद्रीय महिला श्री महावीर मंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
राँची के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपता प्रतिनिधिमंडल
राँची:
केंद्रीय महिला श्री महावीर मंडल ने श्री रामनवमी महोत्सव 2022 की शोभायात्रा के
दौरान महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शोभायात्रा के जुलूस में सशस्त्र
महिला पुलिस बल की व्यवस्था करने सहित कई माँग रखी है। शोभायात्रा में हजारों की
संख्या में शामिल होने वाली महिलाओं की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर केंद्रीय महिला
श्री महावीर मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने राँची के उपायुक्त छवि रंजन से मुलाकात की
और एक ज्ञापन सौंपा।
बता दें कि केंद्रीय महिला श्री महावीर मंडल की ओर से श्री रामनवमी महोत्सव 2022 की
शोभायात्रा के आयोजन को लेकर जोर-शोर से तैयारियाँ चल रही हैं। संगठन की ओर से आगामी
10 अप्रैल (रविवार) को अपराह्न 2 बजे अपर बाजार के महावीर चौक स्थित झारखंड के
ऐतिहासिक एवं प्राचीन बजरंगबली मंदिर से हजारों की संख्या में महिलाओं की शोभायात्रा
परंपरागत मार्ग से निकाली जाएगी, जो तपोवन मंदिर तक पहुँचेगी। यहाँ शोभायात्रा एवं
प्रदर्शन संपन्न करने के बाद शोभायात्रा में शामिल महिलाएँ वापस महावीर चौक तक आएँगी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिलाओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि
शोभायात्रा के समापन के पश्चात वापस आने के दौरान महिलाएँ बहुत थक जाती हैं, जिस
कारण पैदल चलकर वापस आना संभव नहीं होता। इसलिए वापस आने के लिए ट्रक की अत्यंत
आवश्यकता होती है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस पावन पर्व के अवसर पर विभिन्न
चौक-चौराहों की साफ-सफाई पर भी प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए।
इस दौरान शोभायात्रा में शामिल होने वाली
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से महिलाओं के
साथ शोभायात्रा में चलने के लिए सशस्त्र महिला पुलिस बल तथा तीन टर्बो ट्रक की
व्यवस्था करने की माँग भी की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर विभिन्न चौक-चौराहों पर
बुद्धिजीवियों द्वारा पेयजल की व्यवस्था की जाती है, परंतु प्रशासन को भी अपने स्तर
से पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनने के पश्चात उपायुक्त ने सकारात्मक दिशा में कदम उठाने
का आश्वासन दिया। इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय महिला श्री महावीर मंडल की
केंद्रीय अध्यक्ष आभा सिन्हा, शोभा यादव, रीता चौधरी, रूना मजूमदार, चंद्रा रश्मि,
अर्चना मिर्धा, सरस्वती देवी, प्रो. उषा रानी, प्रियंका सिसोदिया सहित कई महिलाएँ
शामिल थीं।
(अपडेटेड: 08 अप्रैल 2022, 20:38 IST)
(विशेष खबर ब्यूरो)
Search The Web